Saturday, 31 October 2026
बिहार

अनंत सिंह की RJD में वापसी पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, बोले- हमारी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने जदयू से निष्कासित अनंत सिंह की दोबारा राजद में वापसी की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अनंत सिंह को पार्टी में वापस लेने के लिए राजद की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव से पूछा गया कि अनंत सिंह पहले भी राजद के साथ रह चुके हैं, ऐसे में क्या भविष्य में उनकी पार्टी में वापसी हो सकती है? इस पर तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कहा, “हमारी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।”

सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का समय दिए जाने पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह और उनकी पत्नी हमेशा आरोप लगाते रहे कि सरकार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाया है। तेजस्वी ने कहा कि जब अनंत सिंह ने राजद को धोखा देकर सरकार का साथ दिया, तब उन्हें यही सरकार अच्छी लगने लगी थी।

तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब जब अनंत सिंह को दोबारा जेल जाना पड़ रहा है तो सरकार उन्हें बुरी लगने लगी है। उन्होंने नीरज कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें परिस्थितियां जल्दी समझ आ गईं और जब अपने हितों की बात आई तो वे अनंत सिंह को जेल भेजने के लिए याचिकाकर्ता बन गए। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब दोनों एक ही पार्टी में थे, तब नीरज कुमार चुप क्यों रहे?

1 नवंबर की रैली में लोकतंत्र का मुद्दा उठाएगा INDIA ब्लॉक

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी विपक्षी दल एक साथ जुटेंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है।

MLC चुनाव में पांच सीटों पर जीत का दावा

बिहार में हाल ही में संपन्न हुए एमएलसी चुनावों के नतीजों पर तेजस्वी यादव ने एनडीए पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में एनडीए की हवा टाइट थी और राजद का प्रदर्शन शानदार रहा।

तेजस्वी यादव के मुताबिक, कुल आठ सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव में राजद और उसके सहयोगी पांच सीटें जीतने में सफल रहे, जबकि एनडीए को तीन सीटों पर जीत मिली।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें