Saturday, 31 October 2026
अंतरराष्ट्रीय

होर्मुज स्ट्रेट में अक्टूबर में जहाजों पर सबसे ज्यादा हमले, 35 घटनाएं दर्ज : UKMTO

लंदन, 31 अक्टूबर। होर्मुज स्ट्रेट और खाड़ी क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की घटनाओं में अक्टूबर के दौरान तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में इस क्षेत्र में जहाजों पर करीब 35 हमले हुए। फरवरी में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ संयुक्त हवाई हमले शुरू होने के बाद से यह सबसे खराब महीना रहा है।

UKMTO के विश्लेषण के अनुसार, हमलों के मामले में मार्च दूसरा सबसे खराब महीना रहा था। उस दौरान करीब 30 हमले दर्ज किए गए थे।

इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने शुक्रवार को दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास चार जहाजों में आग लग गई। वहीं, UKMTO ने शुक्रवार को एक जहाज पर हमले की पुष्टि की। एजेंसी के मुताबिक, ईरान के लावन द्वीप के दक्षिण में एक जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।

होर्मुज से जहाजों की आवाजाही में 70 फीसदी गिरावट

UKMTO के आंकड़ों के मुताबिक, 28 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से 122 जहाज बाहर निकले, जबकि 155 जहाज इस जलमार्ग में दाखिल हुए। यह संख्या अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर की तुलना में करीब 70 फीसदी कम है।

हालांकि, पिछले सप्ताह के मुकाबले जहाजों की आवाजाही में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई। उस दौरान 114 जहाज स्ट्रेट से बाहर गए थे और 127 जहाज अंदर आए थे।

एजेंसी ने संबंधित सप्ताह में होर्मुज स्ट्रेट में तीन हमलों की जानकारी दी। हालांकि, इन आंकड़ों में शुक्रवार को IRGC की ओर से बताए गए चार टैंकरों से जुड़ी घटनाएं शामिल नहीं हैं। UKMTO के अनुसार, इन घटनाओं में एक जहाज ने अपनी यात्रा जारी रखी, जबकि दूसरे को सहायता की जरूरत पड़ी। तीसरे जहाज की स्थिति के बारे में फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं है।

एजेंसी ने बताया कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य, अदन की खाड़ी और ओमान सागर में अब तक कम से कम 144 हमले हो चुके हैं।

भारतीय क्रू वाले तेल टैंकर पर भी हुआ था हमला

होर्मुज स्ट्रेट में शुक्रवार को 27 भारतीय क्रू सदस्यों वाले तेल टैंकर एमटी लुईस 1 पर भी हमला हुआ था। पनामा के झंडे वाले इस टैंकर पर दो लिम्पेट माइंस लगाई गई थीं। धमाके के बाद इंजन रूम में आग लग गई, जिसे जहाज के क्रू सदस्यों ने बुझा दिया।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने शुक्रवार रात बताया कि सभी नाविक सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है।

मंत्री ने अपनी पोस्ट में 29 अक्टूबर को हुए एक अन्य हमले का भी जिक्र किया। इस दिन लाइबेरिया के झंडे वाले विशाल तेल टैंकर वीएलसीसी ‘एमटी अरजनाह’ को निशाना बनाया गया था। इस जहाज पर दो भारतीय नागरिक सवार थे। दोनों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई थी।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें