Saturday, 31 October 2026
राष्ट्रीय

1 नवंबर की रैली टालने की मांग, दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी को लिखा पत्र

दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (डीडीटीए) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली स्थगित करने की अपील की है। एसोसिएशन ने दिल्ली में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और रैलियों से व्यापारिक गतिविधियों, यातायात तथा आम लोगों को होने वाली परेशानियों का हवाला देते हुए यह मांग की है।

डीडीटीए के सचिव आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की चिंताओं और मौजूदा परिस्थितियों पर विचार करने का आग्रह किया। यह अपील मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने के बाद की गई है।

पत्र में आशीष ग्रोवर ने लिखा कि जिस तरह अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किया गया है, उसी तरह 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को भी टालने पर विचार किया जाना चाहिए।

न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताने की अपील

एसोसिएशन ने अपने पत्र में लोकतंत्र में संसद, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया। पत्र के मुताबिक, जब कोई मामला पहले से न्यायिक विचाराधीन है और संबंधित पक्ष सुप्रीम कोर्ट में अपने जवाब और हलफनामे दाखिल कर चुके हैं, तो राजनीतिक टकराव और सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताना अधिक उचित होगा।

व्यापार और आम लोगों की परेशानी का दिया हवाला

डीडीटीए ने दिल्ली में लगातार हो रहे प्रदर्शनों, धरनों और रैलियों के कारण कारोबार, यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता जताई। एसोसिएशन का कहना है कि व्यापारी, दुकानदार, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, छोटे कारोबारी और दिहाड़ी मजदूर पहले से ही आर्थिक नुकसान का सामना कर रहे हैं।

पत्र में कहा गया कि त्योहारों और शादी-ब्याह के महत्वपूर्ण सीजन में व्यापारिक गतिविधियों में बाधा आने से कारोबारियों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

एसोसिएशन ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और न ही शहर की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना चाहिए।

पत्र के अंत में आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी से दिल्ली के व्यापार, रोजगार और जनजीवन के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की घोषणा करने की अपील की।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें