लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल की लॉग-इन आईडी के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने प्रदेशभर में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राज्य के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही पीलीभीत मामले में कथित रूप से संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश भी संबंधित फर्म को दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। इसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर कार्यरत ऑपरेटरों की ईसीआईनेट पोर्टल से जुड़ी लॉग-इन आईडी बंद की जाएंगी। इन आईडी के जरिए पोर्टल पर किसी भी तरह की गतिविधि नहीं की जा सकेगी।
नवदीप रिणवा ने निर्देश दिया है कि आईडी निष्क्रिय होने के बाद संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) से इसकी पुष्टि भी ली जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का सत्यापन करेंगे और अनुपालन रिपोर्ट तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे।
पीलीभीत के कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने का आदेश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 127-पीलीभीत से जुड़े मामले में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश संबंधित फर्म को जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में शुचिता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना निर्वाचन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इन निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल अनुपालन करने को कहा गया है।
निर्वाचन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




