Friday, 6 November 2026
राष्ट्रीय

झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा, 7 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख

झारखंड के खूंटी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा दुख जताया है। दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “झारखंड के खूंटी जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि खूंटी में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मदद के लिए सड़क किनारे जमा हुए लोगों को ट्रेलर ने कुचला

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे खूंटी जिले के कर्रा इलाके में हुआ। शुरुआत में एक स्कूटर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद स्थानीय लोग स्कूटर सवार की मदद करने के लिए सड़क किनारे जमा हो गए।

इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा 18 पहियों वाला एक ट्रेलर ट्रक वहां पहुंचा और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय लड़के ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में एक लड़की भी घायल हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क जाम कर की कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। गुस्साए लोगों ने कर्रा रेलवे क्रॉसिंग के पास टायर जलाकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इसके कारण इलाके में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई।

खूंटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं के बाद घायलों की मदद के लिए जुटने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें