बिहारशरीफ: बिहार के नालंदा जिले में बर्थडे पार्टी के दौरान एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को शिवपुरी मोहल्ले में एक बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए एक युवती को बुलाया गया था, जो नृत्य कार्यक्रम करती है। उसे एक बिचौलिए के माध्यम से तय पारिश्रमिक पर कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था।
पुलिस को 1 नवंबर की सुबह करीब सात बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद लहेरी थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पार्टी में कुल आठ लोग शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने बयान में दो युवकों पर जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। साथ ही, उसने बताया कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी आरोपियों का सहयोग किया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




