Sunday, 1 November 2026
राजनीति

दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली से पहले सुरक्षा सख्त, RAF समेत अर्धसैनिक बल तैनात

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खासतौर पर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रैली के मद्देनजर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) समेत कई अर्धसैनिक बलों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारू रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि रैली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मधुर वर्मा के मुताबिक, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के अलावा RAF, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान भी तैनात किए गए हैं।

दीन दयाल उपाध्याय मार्ग समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश को दिल्ली से जोड़ने वाले नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी की ओर आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

दरअसल, INDIA गठबंधन रविवार को ‘चलो दिल्ली’ मार्च आयोजित कर रहा है, जिसका समापन रामलीला मैदान में रैली के रूप में होगा। विपक्षी दल कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहा है।

इस रैली में विपक्षी दलों के कई नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के शामिल होने की संभावना है। विपक्षी पार्टियां मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगा रही हैं।

एहतियात के तौर पर दिल्ली के सभी जिलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के कार्यालय सहित कई प्रमुख स्थानों पर जमावड़े पर भी रोक लगाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजनीतिक नेताओं को निर्धारित स्थानों तक अपने निजी वाहनों से पहुंचने की अनुमति होगी। राजधानी के अलग-अलग रणनीतिक स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ यातायात प्रबंधन के इंतजाम भी किए गए हैं।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें