Sunday, 29 November 2026
अंतरराष्ट्रीय

चीन की फिल्में अब श्रीलंका समेत 50 देशों में दिखेंगी, कोलंबो से शुरू हुआ कार्यक्रम

चीन ने अपनी फिल्मों और पर्यटन को दुनिया भर में बढ़ावा देने की पहल शुरू की है। इसके तहत 2026-2027 वर्ष के विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों में फिल्म प्रदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत 27 नवंबर को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो से हुई।

चीन के राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन और चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन कोलंबो स्थित श्रीलंका चीनी सांस्कृतिक केंद्र में किया गया। इसके तहत चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के 50 विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों को फिल्मों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इन संस्थानों में चीन के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास को दर्शाने वाली फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।

इस पहल का उद्देश्य फिल्मों और पर्यटन को जोड़कर विदेशों में चीन की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके जरिए विदेशी दर्शकों को चीन के बारे में जानने और वहां की यात्रा के लिए प्रेरित करने की योजना है।

कार्यक्रम में सीएमजी के महानिदेशक शन हाइश्योंग, श्रीलंका में चीन के राजदूत वेई हुआश्यांग और श्रीलंका के विदेश मामलों, विदेशी रोजगार एवं पर्यटन के उपमंत्री रुवन रणसिंघे समेत कई अतिथि शामिल हुए।

इस मौके पर रुवन रणसिंघे ने कहा कि श्रीलंका और चीन के बीच लंबे समय से गहरी दोस्ती रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत कोलंबो से होना दोनों देशों के बीच सहयोग और पीढ़ी-दर-पीढ़ी कायम रहने वाली मैत्रीपूर्ण रणनीतिक साझेदारी का प्रमाण है।

वहीं, चीन के राष्ट्रीय फिल्म प्रशासन के कार्यकारी उपाध्यक्ष माओ यू ने कहा कि इस साल चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के साथ मिलकर कार्यक्रम का विस्तार अधिक देशों तक किया गया है। इसके तहत 50 विदेशी सांस्कृतिक एवं पर्यटन संस्थानों को फिल्मों से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से दुनिया भर के दर्शकों को चीन की पारंपरिक संस्कृति, आधुनिक विकास और प्राकृतिक खूबसूरती को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

श्रीलंका चीनी सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक नी लीशेंग ने कहा कि फिल्म एक ऐसी सार्वभौमिक भाषा है, जिसे हर देश के लोग समझ सकते हैं। यह पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम से विदेशी दर्शक चीनी संस्कृति और वहां के जनजीवन को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। साथ ही, फिल्मों के जरिए पैदा होने वाली रुचि को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी तथा खर्च बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यह ख़बर साझा करें:

अपनी बात कहें