अमेरिका की ओर से चीन समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव का चीनी व्यापार समुदाय ने कड़ा विरोध किया है। चीनी व्यापार समुदाय ने अमेरिका से प्रस्तावित टैरिफ वापस लेने की मांग करते हुए कहा है कि दोनों देशों को बातचीत के जरिए व्यापारिक विवाद सुलझाने चाहिए।
चीनी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन परिषद (सीसीपीआईटी) के प्रवक्ता ने 27 नवंबर को कहा कि चीन और अमेरिका के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों का स्थिर और सकारात्मक विकास दोनों देशों के हित में है। इसके लिए समानता, आपसी सम्मान और लाभ के आधार पर बातचीत जरूरी है।
दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने 25 नवंबर को विनिर्माण क्षेत्र में कथित ‘संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता’ को लेकर धारा 301 के तहत जांच के नतीजे घोषित किए थे। इसके साथ ही चीन सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भी पेश किया गया।
इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए सीसीपीआईटी के प्रवक्ता ने कहा कि चीनी व्यापार समुदाय इसका कड़ा विरोध करता है। उन्होंने कहा कि चीन पर अतिरिक्त क्षमता का आरोप निराधार है और अमेरिका इस मुद्दे को बहाना बनाकर दोनों देशों के सामान्य आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों में हस्तक्षेप कर रहा है।
प्रवक्ता ने कहा कि किसी उद्योग में आपूर्ति और मांग की स्थिति का आकलन करने के लिए वैश्विक बाजार की मांग, तकनीकी प्रगति और निवेश चक्र जैसे कई पहलुओं पर विचार करना जरूरी है। केवल व्यापार अधिशेष के आंकड़ों के आधार पर किसी उद्योग में अतिरिक्त क्षमता होने का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
उन्होंने चेतावनी दी कि टैरिफ और व्यापार युद्ध किसी भी पक्ष के हित में नहीं हैं। व्यापक स्तर पर टैरिफ बढ़ाने से अमेरिकी कंपनियों की खरीद लागत बढ़ेगी, उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ पड़ेगा और वैश्विक औद्योगिक एवं आपूर्ति श्रृंखलाएं प्रभावित होंगी।
सीसीपीआईटी ने कहा कि वह चीन और अमेरिका की कंपनियों की जरूरतों पर ध्यान देती रहेगी। साथ ही, दोनों देशों और अन्य देशों के व्यापारिक समुदायों के बीच संवाद तथा व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास जारी रखेगी।




