पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने चीन के साथ अपने देश के मजबूत संबंधों की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि पापुआ न्यू गिनी हमेशा एक-चीन सिद्धांत का पालन करता रहा है और राष्ट्रीय संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता के मुद्दे पर चीन का समर्थन करता है।
चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) को दिए विशेष साक्षात्कार में मारापे ने यह बात कही। यह साक्षात्कार दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में आयोजित एपेक नेताओं की 33वीं अनौपचारिक बैठक के दौरान लिया गया।
प्रधानमंत्री मारापे ने बताया कि इस साल चीन और पापुआ न्यू गिनी के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके देश ने अपने यहां स्थित ‘थाईपे आर्थिक कार्यालय’ को बंद कर दिया है और एक-चीन सिद्धांत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
मारापे ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि चीन साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वैश्विक मामलों में चीन की भूमिका का भी समर्थन किया।
उन्होंने चीन की विकास उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक इतिहास में किसी अन्य देश ने चीन जैसी बड़ी उपलब्धियां हासिल नहीं की हैं। उन्होंने गरीबी उन्मूलन में चीन की सफलता और चीनी लोगों की मेहनत तथा समर्पण की प्रशंसा की।
एपेक में पापुआ न्यू गिनी की भूमिका पर बात करते हुए मारापे ने कहा कि उनका देश 1993 में इस संगठन का सदस्य बना था और प्रशांत द्वीप क्षेत्र से इसका एकमात्र सदस्य है।
चीन की ओर से एपेक बैठक के लिए निर्धारित ‘खुलापन, नवाचार और सहयोग’ की प्राथमिकताओं का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि खुला आर्थिक माहौल सभी देशों को अपनी आर्थिक क्षमता का लाभ उठाने और व्यापार के अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने निष्पक्ष व्यापार के भविष्य को लेकर भी भरोसा जताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी चीन के साथ आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। इसके लिए चीनी निवेशकों को प्रसंस्करण उद्योग, विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और वन संरक्षण जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने विकास को मैराथन बताते हुए कहा कि अकेले चलना तेज हो सकता है, लेकिन साथ मिलकर चलने से लंबी दूरी तय की जा सकती है। उन्होंने सभी देशों से आपसी लाभ और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के रास्ते तलाशने की अपील की।
साक्षात्कार के अंत में मारापे ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये पहलें नागरिकों और पूरी धरती के हित में हैं। उनके अनुसार, सभी देश एक-दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करें और शांति को अपनाएं तो दुनिया में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व संभव है।




