News

बिहार के 14 विभूतियों को मिलेगा ‘बिहार केसरी सम्मान’ जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे सम्मानित

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाला “बिहार केसरी सम्मान समारोह” इस वर्ष 11 मार्च 2025 को रविंद्र भवन, पटना में संध्या 4:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को “बिहार केसरी सम्मान” से सम्मानित करेंगे।

यह आयोजन प्रत्येक वर्ष बिहार इंटेलेक्चुअल फोरम और मेडिवर्सल फाउंडेशन द्वारा किया जाता है। बिहार इंटेलेक्चुअल फोरम के संयोजक डॉ. निशिकांत कुमार ने बताया कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की सोच और मूल्यों को जीवंत बनाए रखना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “श्री बाबू जाति और धर्म से ऊपर उठकर पूरे बिहार के लिए सोचते थे। वे जमींदार परिवार से थे, लेकिन उन्होंने खुद जमींदारी प्रथा के खिलाफ लड़ाई लड़ी और उसे समाप्त किया। उन्होंने दलितों को देवघर के मंदिरों में प्रवेश करवाया। उन्होने बिहार के औद्योगिक विकास की नींव रखी। हमें यह सुनिश्चित करना है कि नई पीढ़ी उनके योगदान को न भूले और उनके सिद्धांतों को अपनाए।”

डॉ निम्मी रानी ने कहा कि बिहार के औद्योगिक विकास में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का अतुलनीय योगदान रहा है। राजेंद्र सेतु, बोकारो स्टील प्लांट, बरौनी रिफाइनरी जैसे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट उनकी पहल पर ही साकार हुए। उन्होंने पूरे बिहार को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त करने का सपना देखा था, जिसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।

इन हस्तियों को मिलेगा ‘बिहार केसरी सम्मान’

मेडिवर्सल फाउंडेशन के नवनीत रंजन ने बताया कि इस कार्यक्रम में शिक्षा, योग, चिकित्सा, मीडिया, उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष जिन प्रतिष्ठित हस्तियों को “बिहार केसरी सम्मान” से नवाजा जाएगा, उनमें शामिल हैं:

  1. पद्म भूषण स्वामी निरंजनानंद सरस्वती
  2. पद्म श्री आनंद कुमार (सुपर 30 के संस्थापक)
  3. पद्मश्री डॉ. हेमंत कुमार
  4. सायन कुणाल
  5. डॉ. मनीषा सिंह
  6. श्री आनंद मिश्रा
  7. प्रो. दिनेश चंद्र राय
  8. फैजान मुस्तफा
  9. ज्ञानेश्वर
  10. डॉ. विकास सिंह
  11. प्रो. (डॉ.) विभूति प्रसन्न सिन्हा
  12. श्री सुधांशु कुमार
  13. श्री उमेश शर्मा
  14. श्री अनूप कुमार सराफ

Related Articles

Back to top button